
गरियाबंद। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के पायलीखंड थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। आपसी विवाद के बाद पति-पत्नी के आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। दोनों के शव घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल में अलग-अलग पेड़ों पर फंदे से लटके मिले। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान जयराम नागेश (65 वर्ष) और उनकी पत्नी वेदमती (45 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता था। रविवार दोपहर भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद जयराम घर से निकल गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उनकी पत्नी भी उनकी तलाश में घर से निकल गई, लेकिन दोनों वापस नहीं आए।

परिजनों ने बताया कि पति-पत्नी का विवाद के बाद घर छोड़कर चले जाना पहले भी होता रहा था, इसलिए शुरुआत में किसी अनहोनी की आशंका नहीं हुई। हालांकि 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।
रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो जंगल में तलाश की गई। मंगलवार देर शाम दोनों के शव जंगल में लगभग 20 से 30 मीटर की दूरी पर अलग-अलग पेड़ों से लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पायलीखंड थाना प्रभारी यदुराज ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।









