सेल्फी को लेकर विवाद, बीच सड़क युवती से मारपीट; वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

0

रायगढ़। CG DASTAK 

रायगढ़ के मरीन ड्राइव में दो नाबालिग समेत तीन आरोपियों पर केस दर्ज, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मामूली बात को लेकर एक युवती के साथ बीच सड़क मारपीट का मामला सामने आया है। मरीन ड्राइव क्षेत्र में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय पीड़िता 30 जून को अपनी सहेली के साथ स्कूटी से लौट रही थी। इसी दौरान मरीन ड्राइव स्थित पुष्पवाटिका गार्डन के पास दो युवतियां सेल्फी ले रही थीं। आरोप है कि दोनों युवतियों ने पीड़िता पर उन्हें देखकर हंसने का आरोप लगाया और विवाद शुरू कर दिया।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों युवतियों ने पीड़िता के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने अपनी रिश्तेदार नगमा खान उर्फ नूरी (38) को मौके पर बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर युवती के साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की। आरोप है कि पीड़िता के कपड़े उतारने की कोशिश भी की गई।

घटना के दौरान राहगीरों और पीड़िता की सहेली ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। हैरानी की बात यह रही कि आरोपियों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिया।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत, मारपीट, चोट पहुंचाने और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। मुख्य आरोपी नगमा खान को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो नाबालिग युवतियों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कानून को अपने हाथ में न लें और किसी भी घटना की तत्काल सूचना पुलिस को दें।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here