बिल्हा के ग्राम डोडकी में दीवार हटाने को लेकर हुआ विवाद, डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल किया

0

बिलासपुर। CG DASTAK 

जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोडकी में मकान निर्माण और दीवार हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दबंगों ने पिता-पुत्र के साथ जमकर मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम डोडकी निवासी रमेश कुमार कोसले (35 वर्ष) ने 13 जुलाई 2026 को बिल्हा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 13 जुलाई की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच घर के पास दीवार हटाकर मकान निर्माण को लेकर विवाद हो गया।

आरोप है कि इसी दौरान गांव के रामू यादव, रामजीवन यादव और सोहन यादव एक राय होकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए रमेश कुमार कोसले तथा उनके पिता अंजोरदास कोसले के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने डंडे से हमला कर दोनों को गंभीर चोट पहुंचाई।

शिकायत के आधार पर बिल्हा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1), 55 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की तलाश की, जिसमें रामू यादव और रामजीवन यादव अपने घर से फरार मिले। वहीं, तीसरे आरोपी सोहन यादव (60 वर्ष), पिता स्वर्गीय सुदर्शन यादव, निवासी ग्राम डोडकी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने मारपीट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की गई।

पुलिस का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

← Back

Thank you for your response. ✨

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here