
रायपुर/राजिम। CG DASTAK
राज्य शासन ने जारी की अधिसूचना, विकास कार्यों और शहरी सुविधाओं को मिलेगी नई गति

रायपुर/राजिम। छत्तीसगढ़ शासन ने राजिमवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए राजिम नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा दे दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। नई अधिसूचना के अनुसार, वर्तमान नगर पंचायत की सीमाएं ही अब नगर पालिका की सीमाएं होंगी।
राज्य सरकार के इस फैसले के बाद राजिम क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि राजिम के नगर पालिका बनने से शहर के सुनियोजित विकास को नई दिशा मिलेगी। साथ ही विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे, जिससे नगर में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय से सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन और अन्य शहरी सुविधाओं के विकास को नई गति मिलेगी। इसके अलावा राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी अब अधिक प्रभावी ढंग से नागरिकों तक पहुंचाया जा सकेगा।
राजिम को नगर पालिका का दर्जा मिलने से क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्थाएं मजबूत होंगी और भविष्य में शहर के समग्र विकास की संभावनाएं और अधिक बढ़ जाएंगी।










