
शिवप्रसाद नगर रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात युवक का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद होगी मौत की वजह स्पष्ट।

सूरजपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बसदेई थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवप्रसाद नगर रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर बसदेई थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों और गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की जबलपुर जाने वाली ट्रेन से गिरने के कारण मौत हुई है। हालांकि, पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी संभावित पहलुओं, जिनमें दुर्घटना, आत्महत्या या अन्य कारण शामिल हैं, की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।










