
दुष्कर्म, चोरी और NDPS समेत विभिन्न मामलों में निरुद्ध थे नाबालिग, पुलिस ने शुरू किया व्यापक सर्च ऑपरेशन।
महासमुंद। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बरोंड़ा बाजार स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार तड़के 8 नाबालिग फरार हो गए। सभी नाबालिग रात करीब 2 से 3 बजे के बीच खिड़की की ग्रिल तोड़कर परिसर से भाग निकले। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वहीं, संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, फरार हुए सभी नाबालिग पिछले 4 से 5 महीनों के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए थे। इनमें एक नाबालिग दुष्कर्म, दो चोरी के मामलों में निरुद्ध थे, जबकि अन्य के खिलाफ NDPS एक्ट समेत विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनका संबंध महासमुंद, सरायपाली, धमतरी और पड़ोसी राज्य ओडिशा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी। फरार नाबालिगों की तलाश के लिए पुलिस ने व्यापक सर्च अभियान चलाया है। आसपास के थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट किया गया है।
गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पहले भी इसी बाल संप्रेक्षण गृह से बच्चों के फरार होने की घटना सामने आई थी। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सुरक्षा में चूक कैसे हुई।










