सिंघीतराई प्लांट हादसा: 20 मजदूरों की मौत, मंत्री लखनलाल देवांगन ने घायलों से मुलाकात कर दिए सख्त निर्देश

0
103

रायपुर/रायगढ़। CG DASTAK

सक्ती के सिंघीतराई स्थित वेदांता प्लांट में हुए भीषण हादसे के बाद प्रदेश में हड़कंप मचा हुआ है। इस दर्दनाक घटना में 20 श्रमिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 16 मजदूर घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

इसी बीच उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने रायगढ़ के अस्पतालों का दौरा कर घायलों का हालचाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

मंत्री देवांगन ने फोर्टिस हॉस्पिटल, मेट्रो अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और अपेक्स अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की। वहीं गंभीर घायलों को रायपुर के कालड़ा अस्पताल में रेफर किया गया है।

उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि घायलों को सर्वोत्तम और समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।

14 अप्रैल को हुआ था भीषण हादसा

मंत्री ने बताया कि 14 अप्रैल को सिंघीतराई वेदांता प्लांट में बड़ा हादसा हुआ, जिसमें कुल 36 श्रमिक प्रभावित हुए। घटना के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ श्रम कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी।

मुआवजे का ऐलान

राज्य सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख
घायलों को ₹50 हजार सहायता राशि

प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार

कंपनी की ओर से सहायता

वेदांता कंपनी ने भी घोषणा की है:

मृतकों के परिजनों को ₹35 लाख और रोजगार सहयोग
घायलों को ₹15 लाख सहायता राशि

उपचार के दौरान वेतन जारी और काउंसलिंग सुविधा
ग्रामीणों से भी की बातचीत

मंत्री देवांगन ने इस दौरान ग्रामीणों से भी मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। घायलों ने मिल रहे इलाज पर संतोष जताया।

इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here