सरायपाली – अवैध शराब परिवहन मामले में चौथी गिरफ्तारी, डस्टर कार समेत 9.57 लाख की संपत्ति जप्त रायगढ़ से आरोपी गिरफ्तार

0

सरायपाली। अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार के खिलाफ महासमुंद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायपाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब परिवहन के मामले में चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को बैतारी चौक के पास रेड कार्रवाई के दौरान डस्टर कार से विभिन्न ब्रांड की कुल 249.60 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई थी। जब्त शराब की कीमत करीब 6 लाख 42 हजार 920 रुपये बताई गई है।

इस मामले में पुलिस ने पहले राजेश पटेल, अजित पटेल और अमित पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था। तीनों आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर मामले में रायगढ़ निवासी विनय सिंह ठाकुर (51 वर्ष) की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस ने मामले में अब तक 249.60 लीटर शराब, 3 लाख रुपये कीमत की डस्टर कार और 15 हजार रुपये के तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस तरह कुल जब्त संपत्ति की कीमत 9 लाख 57 हजार 920 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) तथा बीएनएस की धारा 111(2) के तहत कार्रवाई की. गई है। अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here