
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। राजधानी रायपुर की गोलबाजार थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एनडीपीएस एक्ट के 22 साल पुराने मामले में फरार चल रहे स्थायी वारंटी को पुलिस ने मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2004 से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसकी तलाश में पुलिस ने मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों में लगातार दबिश दी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामला अपराध क्रमांक 147/2004 और एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) से जुड़ा है। इस मामले में आरोपी जूरी उर्फ समारू उर्फ पहरू, पिता मंद लाल गोंड़ यादव, निवासी ग्राम गोवा, थाना भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के खिलाफ न्यायालय ने स्थायी वारंट जारी किया था। यह वारंट पिछले 22 वर्षों से लंबित था।
मध्यप्रदेश के कई इलाकों में पुलिस ने दी दबिश
लंबित स्थायी वारंटों की तामिली के लिए पुलिस उपायुक्त मध्य जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के पर्यवेक्षण में टीम को मध्यप्रदेश भेजा गया।
पुलिस टीम ने रीवा, शहडोल, ब्यौहारी, अनूपपुर और भालूमाड़ा सहित कई क्षेत्रों में दबिश देकर आरोपी का पता लगाया। आखिरकार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दूसरा आरोपी गौरेला-पेंड्रा जेल में बंद
पुलिस को इसी मामले के एक अन्य आरोपी के संबंध में भी जानकारी मिली है। बताया गया है कि वह किसी दूसरे मामले में गौरेला-पेंड्रा जेल में बंद है। पुलिस अब उसके खिलाफ भी प्रोडक्शन वारंट जारी कराने की कार्रवाई कर रही है, ताकि उसे इस पुराने मामले में न्यायालय के समक्ष पेश किया जा सके।
फरार वारंटियों के खिलाफ अभियान जारी
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक, फरार वारंटियों की तलाश और लंबित स्थायी वारंटों की तामिली के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस पुराने मामलों में फरार आरोपियों की तलाश कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई कर रही है।
CG Dastak | हर खबर, सीधा सच!









