
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) रायपुर में आयोजित होने वाला स्पीड डेटिंग कार्यक्रम विरोध के बाद रद्द कर दिया गया है। AIIMS के वार्षिक ओरियाना फेस्ट के तहत 18 से 21 नवंबर तक प्रस्तावित इस कार्यक्रम को लेकर NSUI और बजरंग दल ने आपत्ति जताई थी। दोनों संगठनों ने इसे संस्थान की गरिमा और सामाजिक-सांस्कृतिक मर्यादाओं के विपरीत बताया था।
NSUI ने डिप्टी डायरेक्टर को सौंपा ज्ञापन
NSUI के कार्यकर्ताओं ने AIIMS पहुंचकर स्पीड डेटिंग कार्यक्रम का विरोध किया और डिप्टी डायरेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कार्यक्रम रद्द करने के साथ ही इसमें पंजीयन कराने वाले विद्यार्थियों की फीस वापस करने की मांग की थी।
NSUI ने ज्ञापन में AIIMS परिसर में शराब और नशीले पदार्थों पर पूरी तरह रोक लगाने, अश्लील गानों और आपत्तिजनक गतिविधियों को रोकने तथा ओरियाना फेस्ट के सभी कार्यक्रमों और खर्चों का हिसाब पारदर्शी रखने की मांग भी उठाई।
बजरंग दल ने भी किया विरोध
स्पीड डेटिंग कार्यक्रम को लेकर बजरंग दल ने भी विरोध जताया था। संगठन का कहना था कि AIIMS जैसे बड़े शैक्षणिक संस्थान में इस तरह का आयोजन नहीं होना चाहिए। इसे संस्थान की गरिमा और सामाजिक-सांस्कृतिक मर्यादाओं के विपरीत बताते हुए कार्यक्रम रद्द करने की मांग की गई थी।
फेस्ट के विरोध में नहीं है NSUI
NSUI ने स्पष्ट किया कि संगठन ओरियाना फेस्ट या विद्यार्थियों के मनोरंजन के खिलाफ नहीं है। उसका विरोध केवल ऐसी गतिविधियों से है, जिन्हें संगठन AIIMS जैसे शैक्षणिक संस्थान की गरिमा और सामाजिक मर्यादा के खिलाफ मानता है।
क्या होता है स्पीड डेटिंग कार्यक्रम?
स्पीड डेटिंग एक ऐसा आयोजन है, जिसमें अलग-अलग लोग कुछ मिनटों के लिए एक-दूसरे से बातचीत करते हैं। निर्धारित समय पूरा होने पर प्रतिभागी अगले व्यक्ति से बातचीत करते हैं। इसका उद्देश्य नए लोगों से परिचय बढ़ाना और एक-दूसरे की पसंद-नापसंद को समझना होता है।
AIIMS रायपुर के ओरियाना फेस्ट में प्रस्तावित इस कार्यक्रम के पोस्टर के अनुसार, इसकी एंट्री फीस 100 रुपये रखी गई थी।
विरोध और ज्ञापन सौंपे जाने के बाद कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। इस घटनाक्रम ने शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित होने वाले मनोरंजन कार्यक्रमों और उनकी मर्यादा को लेकर नई बहस छेड़ दी है।









