
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शौएब डेबर को हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। बिलासपुर हाईकोर्ट ने CJM कोर्ट और ADJ कोर्ट के उन आदेशों पर रोक लगा दी है, जिनमें आरोपी को दोबारा गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया था।
मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति पीपी साहू की एकलपीठ में हुई। हाईकोर्ट ने 27 सितंबर को रिमांड कोर्ट की ओर से दिए गए फैसले को सही माना है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज FIR से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरजा को विदेशी नंबर से WhatsApp पर धमकी भरे संदेश भेजकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले में शौएब डेबर को आरोपी बनाया गया था।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया था। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से आरोपी के संबंध में सूचना देने वाले व्यक्ति को नकद इनाम देने की घोषणा की गई थी।
रिमांड कोर्ट से हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला
मामले में 27 सितंबर को रिमांड कोर्ट ने शौएब डेबर की गिरफ्तारी को गलत मानते हुए उसे जमानत दे दी थी। इसके बाद पुलिस की चुनौती पर CJM कोर्ट ने गिरफ्तारी को सही माना और जमानत आदेश निरस्त करते हुए आरोपी को दोबारा गिरफ्तार करने का आदेश दिया था।
बाद में ADJ कोर्ट की ओर से भी दोबारा गिरफ्तारी से संबंधित आदेश जारी किया गया।
अब बिलासपुर हाईकोर्ट ने CJM और ADJ कोर्ट के इन आदेशों पर रोक लगा दी है। इससे आरोपी शौएब डेबर को फिलहाल बड़ी कानूनी राहत मिली है।









