रायपुर सेंट्रल जेल में 70 बंदियों को मिला हुनर सीखने का मौका, रिहाई के बाद रोजगार से जुड़ने की उम्मीद

0

रायपुर। CG DASTAK 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित सेंट्रल जेल में बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल की गई है। यहां 70 बंदियों को कंप्यूटर और ब्यूटी पार्लर से जुड़ा कौशल प्रशिक्षण दिया गया। रविवार को प्रशिक्षण पूरा होने पर सभी बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 40 पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ के अंतर्गत कंप्यूटर की ट्रेनिंग दी गई। इसमें कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी और उसके इस्तेमाल से जुड़ी बातें सिखाई गईं। वहीं, 30 महिला बंदियों को ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ के तहत ब्यूटी पार्लर और हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण दिया गया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को डिजिटल रूप से साक्षर बनाने के साथ-साथ उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है, ताकि रिहाई के बाद वे अपने हुनर के दम पर आत्मनिर्भर बन सकें।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय तथा छत्तीसगढ़ जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने कहा कि ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत बंदियों को शिक्षा और कौशल विकास के अवसर दिए जा रहे हैं। कंप्यूटर शिक्षा आज के समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण से बंदियों को रिहाई के बाद रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकते हैं। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और समाज की मुख्यधारा में लौटने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस ठाकुर राम सिंह ने की। उन्होंने प्रशिक्षण पूरा करने वाले बंदियों को बधाई दी।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान के डायरेक्टर अतुल सिंह और नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर वैभव अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here