
राजनांदगांव। ऑनलाइन गेमिंग की लत में करीब 10 लाख रुपये का कर्ज होने के बाद दो युवकों ने चोरी की साजिश रच डाली। आरोपियों ने ग्राम ठाकुरटोला में एक सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए थे। मामले में साइबर सेल और पुलिस चौकी मोहारा की संयुक्त टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल कार सहित कुल 15 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र साहू (36 वर्ष) और गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम (25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम ठाकुरटोला, पुलिस चौकी मोहारा, थाना डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव के निवासी हैं।
खेत गया था परिवार, पीछे से मकान में हुई चोरी
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी दीपक वर्मा निवासी ग्राम ठाकुरटोला ने 25 अगस्त 2026 को पुलिस चौकी मोहारा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 9 बजे वह परिवार के साथ खेती-किसानी के काम से खेत गए थे। दोपहर करीब 1 बजे घर लौटे तो मकान का ताला टूटा मिला।
घर के अंदर जांच करने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 483/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331 और 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ऑनलाइन गेमिंग में 10 लाख का कर्ज, फिर बनाई चोरी की योजना
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में साइबर सेल तथा पुलिस चौकी मोहारा की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सुरेन्द्र साहू और गणेश्वर नेताम के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपये हारने के कारण सुरेन्द्र साहू पर कर्ज हो गया था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए दोनों ने चोरी की योजना बनाई।
सुबह 4 बजे पहुंचे, एक ने की निगरानी तो दूसरा छत पर छिपा
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने करीब तीन माह पहले दीपक वर्मा के घर की रेकी की थी। वारदात वाले दिन सुबह करीब 4 बजे दोनों घर के पास पहुंचे। गणेश्वर नेताम ट्रैक्टर की ट्रॉली के सहारे छत पर चढ़कर छिप गया, जबकि सुरेन्द्र साहू आसपास आने-जाने वालों पर नजर रखता रहा।
सुबह करीब 9 बजे परिवार के खेत जाने के बाद सुरेन्द्र ने मोबाइल से गणेश्वर को सूचना दी। इसके बाद गणेश्वर छत से नीचे उतरा और लोहे की रॉड से कमरे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुआ। उसने गोदरेज आलमारी को भी क्षतिग्रस्त किया और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
चोरी किए गए सामान में सोने का नेकलेस, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी का करधन और एक जोड़ी पैरपट्टी शामिल थी।

कार से रायपुर पहुंचे, किराये के मकान में छिपाए जेवरात
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद गणेश्वर पीछे की बाड़ी से बाहर निकला, जहां सुरेन्द्र अपनी कार क्रमांक CG 04 NZ 3480 लेकर पहुंचा था। इसके बाद दोनों चोरी के जेवरात लेकर रायपुर चले गए और इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में किराये के मकान में रहने लगे।

आरोपियों ने चोरी के जेवरात बेचने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं होने पर कुछ जेवरात किराये के मकान में छिपाकर रख दिए।
रायपुर के अरिहंत नगर से चोरी किए जेवर भी बरामद
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सुरेन्द्र साहू ने एक अन्य चोरी की बात भी बताई। उसने अपने परिचित हेमंत साहू के रायपुर स्थित अरिहंत नगर के मकान में घरेलू कामकाज के दौरान एक जोड़ी सोने के टॉप्स और एक जोड़ी झुमके चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, इन जेवरात को डोंगरगढ़ स्थित मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखा गया था। पुलिस ने इन्हें भी जप्त किया है।
15 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जप्त
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरण्डम कथन के आधार पर निम्न संपत्ति जप्त की है:
ग्राम ठाकुरटोला से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात – 8 लाख 50 हजार रुपये।
चोरी में इस्तेमाल कार – 5 लाख रुपये।
रायपुर के अरिहंत नगर से चोरी किए गए सोने के जेवरात – 2 लाख रुपये।
कुल जप्त संपत्ति की कीमत 15 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामले में आगे की विवेचना जारी रखी है।
CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!









