
रायपुर। CG DASTAK
केजुअल्टी वार्ड में धुआं फैलने से मची अफरा-तफरी, दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची; आग लगने के कारणों की जांच शुरू।
खबर:
रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के इमरजेंसी (केजुअल्टी) वार्ड में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद वार्ड में धुआं भर गया, जिसके चलते मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। वहीं मोदहापारा थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।
अस्पताल प्रशासन ने समय रहते सभी मरीजों को इमरजेंसी वार्ड से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह एसी या मॉनिटर में तकनीकी खराबी अथवा ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने ब्लोअर की मदद से वार्ड में भरे धुएं को बाहर निकाला। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और संबंधित एजेंसियां आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं।










