
रायपुर। CG DASTAK
राजधानी रायपुर के अमानाका थाना क्षेत्र में सूने मकान से करीब 60 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य सामान की चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की है

पुलिस के मुताबिक, अरिहंत नगर सरोना निवासी रविकांत गुप्ता 28 जुलाई को अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। आरोपियों ने घर की अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज से मिला सुराग
घटना की शिकायत मिलने के बाद अमानाका पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में संदिग्ध लोगों और वाहनों की आवाजाही की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और अमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच की। पुराने चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों और हाल ही में जेल से बाहर आए संदिग्धों से भी पूछताछ की गई।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने करण तांडी उर्फ केडे (21) और लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोटी (19) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पहले करते रहे इनकार, फिर कबूली चोरी
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शुरुआत में वारदात में शामिल होने से इनकार किया और पुलिस टीम को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य चोरी का सामान बरामद किया। पुलिस के मुताबिक बरामद सामान की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई गई है। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पहले से दर्ज हैं चोरी और मारपीट के मामले
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी अपराधों में शामिल रहे हैं। उनके खिलाफ पंडरी थाने में चोरी और मारपीट के मामले दर्ज हैं।
इसके अलावा आरोपी लक्ष्मी नारायण गोस्वामी के खिलाफ 12 जुलाई को दुबे कॉलोनी स्थित श्री बालाजी मेडिकल कॉलेज कैंपस में AC के कॉपर वायर चोरी का मामला भी दर्ज हुआ था। पुलिस के मुताबिक इस मामले के बाद से वह फरार चल रहा था।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य चोरी की घटनाओं और उनके संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।










