रायगढ़ में अंग्रेजी शराब दुकान में बड़ी चोरी, 26 हजार का सामान ले उड़े चोर; CCTV का DVR भी उखाड़ ले गए

0

रायगढ़। CG DASTAK 

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चोरी की एक अनोखी वारदात सामने आई है। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र स्थित शहर की मुख्य अंग्रेजी शराब दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोर दुकान की छत पर जाने वाली सीढ़ी का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए और काउंटर में रखी नकदी, महंगी शराब की बोतलें तथा CCTV कैमरे का DVR चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 26 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रात में दुकान बंद कर घर गए थे कर्मचारी

जानकारी के मुताबिक, विनोबा नगर निवासी विनोद प्रजापति (32) चक्रधर नगर क्षेत्र की अंग्रेजी शराब दुकान में सुपरवाइजर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि दिनभर शराब बिक्री के बाद रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर सभी कर्मचारी अंदर हिसाब-किताब कर रहे थे।

इसके बाद रात करीब 11 बजे गोदाम और दुकान के बाहर के शटर में ताला लगाकर सभी कर्मचारी अपने घर चले गए।

अगले दिन सुबह करीब 9:30 बजे जब विनोद प्रजापति दुकान पहुंचे और ताला खोलकर अंदर गए, तो गोदाम की कुंडी की तरफ की दीवार टूटी हुई मिली। इसके बाद दुकान में चोरी होने का पता चला।

गल्ले से कैश और CCTV का DVR गायब

दुकान की जांच करने पर पता चला कि काउंटर के गल्ले में रखे करीब 15 हजार रुपये गायब थे। इसके अलावा काउंटर में लगा CCTV कैमरे का DVR भी नहीं मिला।

दुकान में रखी शराब की पेटियां और अन्य सामान भी बिखरे हुए थे। गोदाम में रखे लॉकर की दीवार भी टूटी मिली, हालांकि चोर लॉकर तोड़ने में सफल नहीं हो सके।

100 पाइपर की दो और वैलेंटाइन की एक बोतल चोरी

शराब की बोतलों की जांच करने पर 100 पाइपर ब्रांड की दो बोतलें और वैलेंटाइन ब्रांड की एक बोतल गायब मिली।

बताया गया कि दुकान की छत पर जाने वाली सीढ़ी के दरवाजे का ताला और दरवाजा भी टूटा हुआ था। सुपरवाइजर ने आशंका जताई कि चोर छत की तरफ से दुकान में दाखिल हुए होंगे।

करीब 26 हजार रुपये की चोरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान से करीब 15 हजार रुपये नकद और महंगी शराब की बोतलों सहित कुल लगभग 26 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ है।

चोर दुकान में लगे CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए, जिससे वारदात की जांच में पुलिस के सामने चुनौती खड़ी हो गई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(A) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अब पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य CCTV कैमरों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

फिलहाल चोरी की इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों का पता नहीं चल पाया है।

CG दस्तक | हर खबर, सीधा सच!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here