
रायपुर | 17 जुलाई 2025
थाना मंदिर हसौद क्षेत्र के ग्राम उमरिया स्थित पेट्रोल पंप में लूट और हत्या की सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने न सिर्फ क्षेत्र में दहशत फैलाई बल्कि पुलिस की सतर्कता और तत्परता की भी परीक्षा ले ली, जिसमें रायपुर पुलिस पूरी तरह सफल रही।
घटना की पूरी जानकारी:
दिनांक 16-17 जुलाई की दरम्यानी रात दो अज्ञात बाइक सवार युवक ग्राम उमरिया स्थित पेट्रोल पंप में पेट्रोल भरवाने पहुंचे। उन्होंने कर्मचारी अनिल गायकवाड़ से 50 रुपये का पेट्रोल डलवाया और 200 रुपये दिए। चिल्लर को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, इसी दौरान दोनों युवकों ने अनिल के हाथ में रखी नकदी पर नजर डाली और लूट की नियत से अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकालकर अनिल पर वार कर दिया।
हाथ में चाकू लगने से अनिल घायल हो गया और इसी अफरा-तफरी में दोनों युवक नकदी लेकर भागने लगे। शोर सुनकर पेट्रोल पंप का दूसरा कर्मचारी योगेश मिरी दौड़ता हुआ बाहर आया और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उस पर भी चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
घायल अवस्था में योगेश को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अनिल गायकवाड़ की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है।
CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना मंदिर हसौद की टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए घटना स्थल के आसपास के CCTV फुटेज को खंगाला और मुखबिरों की सहायता ली। जांच के दौरान दो संदिग्धों की पहचान की गई।
पुलिस ने कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को धर-दबोचा। पूछताछ में उन्होंने अपराध को स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल और नकदी बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. समीर टंडन
पिता: राजकुमार टंडन
उम्र: 21 वर्ष
निवासी: दीनदयाल उपाध्याय नगर, गातापार, थाना अभनपुर, जिला रायपुर
2. कुनाल तिवारी
पिता: नंदकुमार तिवारी
उम्र: 24 वर्ष
निवासी: बस स्टैंड, राधाकृष्ण मंदिर के पास, थाना अभनपुर, जिला रायपुर
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।










