रायगढ़ में नगर निगम का अतिक्रमण पर बड़ा एक्शन, 24 ठेले-गुमटियां हटाईं, 13 जब्त; 21 हजार रुपये जुर्माना वसूला

0

रायगढ़। CG DASTAK 

रायगढ़। शहर की सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर निगम ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। नगर निगम की अतिक्रमण निवारण टीम ने सिग्नल चौक से चक्रधर नगर चौक तक अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया। इस दौरान 24 ठेले-गुमटियां हटाई गईं, जबकि 13 ठेलों को जब्त किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों से 21 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

सड़क और फुटपाथ से हटाया गया अतिक्रमण

नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले और गुमटियों को हटाया। अधिकारियों के अनुसार, कई स्थानों पर स्थायी निर्माण कर ठेले संचालित किए जा रहे थे। ऐसे 13 ठेलों को जब्त किया गया।

सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। विशेषकर शाम के समय इस मार्ग पर लोगों को जाम और आवागमन संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

नगर निगम कमिश्नर ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों पर अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होता है। लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही व्यापारियों और ठेला संचालकों से सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा नहीं करने की अपील की गई है।

रामनिवास टॉकीज चौक से स्टेशन चौक तक भी कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने नगर निगम से रामनिवास टॉकीज चौक से पुराने शनि मंदिर और स्टेशन चौक तक भी अतिक्रमण हटाने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि यह शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है। यहां सड़क किनारे अतिक्रमण होने से आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

नगर निगम ने संकेत दिए हैं कि शहर की प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। अब देखना होगा कि इस कार्रवाई से शहर की यातायात व्यवस्था में कितना सुधार आता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here