
रायगढ़। CG DASTAK
बोर घर में खून से लथपथ मिले मां-बेटी के शव, सिर और चेहरे पर भारी वस्तु से हमले की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक बार फिर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। लैलूंगा थाना क्षेत्र के छापरपानी गांव में 40 वर्षीय महिला और उसकी 10 महीने की मासूम बेटी की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। मां-बेटी के शव खून से लथपथ हालत में एक बोर घर में मिले हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
आखिर क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, मृतका बरत कुमारी (40) के पति की करीब 4-5 वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद वह अपनी 10 महीने की बेटी के साथ गांव के एक बोर घर में रह रही थी। बुधवार को उसे गांव से चावल लेकर लौटते हुए देखा गया था।
गुरुवार सुबह ग्रामीण ननकूराम ने बोर घर में महिला को गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो महिला के शरीर से काफी खून बह चुका था और उसकी 10 माह की बेटी भी मृत अवस्था में पड़ी मिली।
गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद लैलूंगा पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। डबल मर्डर की इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।










