
बालोद CG DASTAK
बालोद में घरेलू समस्या के समाधान के लिए पहुंचे किसान को पीटने का आरोप, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
बालोद। जिले में झाड़-फूंक कराने पहुंचे एक किसान के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर बालोद थाना पुलिस ने आरोपी बैगा के खिलाफ गाली-गलौज और मारपीट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बेलोदा निवासी बिशेसर निर्मलकर अपने भाई तुकाराम निर्मलकर के साथ घरेलू समस्या के समाधान और झाड़-फूंक कराने के लिए ग्राम आमाबाह स्थित बैगा जीवराखन लाल के घर पहुंचे थे।
शिकायत के मुताबिक, बैगा ने उस दिन झाड़-फूंक नहीं करने की बात कही। इस पर बिशेसर ने दूर से आने का हवाला देते हुए अपनी समस्या सुनने और समाधान बताने का आग्रह किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर बैगा ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि बैगा ने भूत-प्रेत लाने की बात कहते हुए हाथ में मौजूद लोहे की छड़ से उन पर हमला कर दिया। इस घटना में बिशेसर के बाईं आंख, पैर, पेट और सीने में चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद उनके भाई तुकाराम निर्मलकर ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।
पीड़ित के अनुसार, घटना रात में होने और तत्काल आने-जाने का साधन नहीं मिलने के कारण उसी दिन शिकायत दर्ज नहीं कराई जा सकी। बाद में उन्होंने बालोद थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी बैगा जीवराखन लाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।










