राजनांदगांव में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा जांच: पुलिस ने चलाया विशेष अभियान, फायर सेफ्टी मानकों की हुई जांच

0
7

राजनांदगांव। CG DASTAK 

विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राजनांदगांव पुलिस ने शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी और सुरक्षा व्यवस्थाओं का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के दौरान लगभग 12 प्रमुख कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया।

फायर सेफ्टी और इमरजेंसी व्यवस्था की जांच

अभियान के तहत थाना कोतवाली, बसंतपुर और चिखली क्षेत्र के कोचिंग संस्थानों में पुलिस टीमों ने अग्निशमन उपकरण (फायर एक्सटिंग्विशर), आपातकालीन निकास (Emergency Exit), इमरजेंसी खिड़कियों, विद्युत वायरिंग, विद्युत सुरक्षा उपकरणों, सीढ़ियों और निकासी मार्गों सहित अन्य सुरक्षा मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया।

संचालकों को दिए आवश्यक निर्देश

निरीक्षण के दौरान सभी कोचिंग संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने संस्थानों में निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। साथ ही पर्याप्त संख्या में कार्यशील फायर एक्सटिंग्विशर, स्पष्ट निकासी मार्ग, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था और आपात स्थिति में विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालने की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

25 पुलिस अधिकारियों ने किया निरीक्षण

इस विशेष अभियान में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक उपेंद्र शाह, थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू सहित दोनों थानों और पुलिस लाइन के करीब 25 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने सभी संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राजनांदगांव पुलिस ने कहा है कि विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे विशेष निरीक्षण अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here