
भिलाई। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के राज्य अतिथि शिक्षक अपनी मांगों को लेकर पिछले 9 दिनों से अनिश्चितकालीन आंदोलन पर डटे हुए हैं। कैबिनेट बैठक में संविलियन और समायोजन को लेकर कोई घोषणा नहीं होने से शिक्षकों में नाराजगी और बढ़ गई है।

विरोध जताते हुए अतिथि शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री के नाम खून से पत्र लिखकर इच्छामृत्यु की अनुमति मांगी। आंदोलन के दौरान कई शिक्षक भावुक हो गए और अपनी पीड़ा बताते हुए रो पड़े।
अतिथि शिक्षकों का कहना है कि वे पिछले करीब 10 वर्षों से सरकारी स्कूलों में नियमित शिक्षकों की तरह सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें न नौकरी की सुरक्षा मिली और न ही सम्मानजनक वेतन।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष राज यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान संविलियन और समायोजन का वादा किया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा मंत्री से मुलाकात के दौरान उनकी बात गंभीरता से नहीं सुनी गई।
शिक्षकों ने सरकार से मांग की है कि चुनावी वादों के अनुरूप अतिथि शिक्षकों का समायोजन, सेवा सुरक्षा और समान कार्य के लिए समान वेतन सुनिश्चित किया जाए।











