
कवर्धा। CG DASTAK
कबीरधाम जिले में सामने आए कथित धान घोटाले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। धान उपार्जन केंद्रों से धान गायब होने के मामले में पुलिस ने अब तक 6 एफआईआर दर्ज कर ली हैं। जांच के दौरान पुलिस लगातार आरोपियों के घरों और कार्यालयों में छापेमारी कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटा रही है।
इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस ने लोहारा धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी गंगादास मानिकपुरी के घर और कार्यालय में छापेमार कार्रवाई की।
16 लाख नकद और अहम दस्तावेज जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस को 16 लाख रुपये नगद, बैंक पासबुक, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कार्यालय में रखा कंप्यूटर मिला। पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर जांच में शामिल कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धान घोटाले में नामजद अन्य आरोपियों के घरों और कार्यालयों में भी जल्द इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी हो सकती है।
बड़े खुलासों की संभावना
धान घोटाले को लेकर जिले में पुलिस की लगातार कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। जांच आगे बढ़ने के साथ नए तथ्य सामने आ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में इस पूरे प्रकरण में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










