रायगढ़ में फार्म हाउस किचन में मिला एक्सपायरी मैदा, 3 दिन के लिए लाइसेंस सस्पेंड

0

रायगढ़। CG DASTAK 

रायगढ़। जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन की जांच लगातार जारी है। इसी कड़ी में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने होटल और ढाबों में निरीक्षण के दौरान फार्म हाउस किचन में एक्सपायरी मैदा पकड़ा। टीम ने मैदा नष्ट कराया और कार्रवाई करते हुए किचन का लाइसेंस 3 दिन के लिए निलंबित कर उसे बंद करा दिया।

जिले में 16 से 30 नवंबर तक ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जांच टीम फार्म हाउस किचन पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान वहां एक्सपायरी मैदा इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई। टीम ने मैदा नष्ट कराया। इसके अलावा संदेह के आधार पर पनीर, व्हाइट वेज ग्रेवी और दाल मखनी के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।

अंगीठी आरके से बिरयानी राइस और पनीर के सैंपल

जांच टीम ने छातामुड़ा चौक स्थित अंगीठी आरके एंटरटेनमेंट में भी निरीक्षण किया। यहां से बिरयानी राइस और पनीर के नमूने लिए गए। इसके अलावा छातामुड़ा चौक स्थित प्रीमियम फैमिली ढाबा और अमलीभौना के श्री वैष्णो ढाबा की भी जांच की गई। टीम ने संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

होटल और ढाबों को दिए गए जरूरी निर्देश

खाद्य विभाग की टीम ने होटल और ढाबा संचालकों को पानी की नियमित जांच कराने, कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने और कीट नियंत्रण की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही भोजन में रंगों का सीमित इस्तेमाल करने, अखबार में खाद्य सामग्री नहीं परोसने और एक ही तेल का बार-बार इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई।

लैब रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक रायगढ़, पुसौर और खरसिया समेत जिले के कई स्थानों पर होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट की जांच की जा रही है। कुछ संस्थानों में साफ-सफाई की कमी मिली है, जबकि कुछ जगह एक्सपायरी खाद्य सामग्री के इस्तेमाल की बात सामने आई है।

जांच के दौरान लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here