
अंबिकापुर। CG DASTAK
सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से एक बार फिर 13 अपचारी बालकों के फरार होने की घटना सामने आई है। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना से संप्रेक्षण गृह प्रबंधन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, देर रात अपचारी बालकों ने संप्रेक्षण गृह के पुराने दरवाजे को तोड़कर भागने की योजना बनाई और सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए परिसर से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही संप्रेक्षण गृह प्रबंधन ने तत्काल गांधीनगर थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार बालकों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले 23 जून को भी इसी बाल संप्रेक्षण गृह से 13 अपचारी बालक फरार हो गए थे। उस दौरान पुलिस ने अधिकांश बालकों को पकड़ लिया था, लेकिन दो अपचारी बालक अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
लगातार दूसरी बार हुई इस घटना ने बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बार-बार सुरक्षा में चूक कैसे हो रही है, इसे लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस फरार अपचारी बालकों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।










