
बिलासपुर। CG DASTAK
आर्थिक, औद्योगिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए 10 सूत्रीय मांगें; उच्च शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट पर भी विशेष बजट की मांग
बिलासपुर। एससीसीआई (SECCI) एंटरप्रेन्योर्स चैंबर ऑफ कॉमर्स ने बिलासपुर में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर राज्य सरकार से SC वर्ग के युवाओं, उद्यमियों और विद्यार्थियों के आर्थिक, औद्योगिक एवं शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि ज्ञापन में कुल 10 सूत्रीय मांगें शामिल हैं। इनमें सबसे प्रमुख मांग छत्तीसगढ़ एससी/एससी वर्ग के लिए वेंचर कैपिटल ग्रोथ बनाने और इसके लिए 1000 करोड़ रुपये का फंड निर्धारित करने की है।
उद्यमियों को केवल निजी संपत्ति के आधार पर लोन न देने की मांग
SECCI ने कहा कि SC वर्ग के उद्यमियों को व्यवसाय शुरू करने और उसका विस्तार करने में वित्तीय संसाधनों की बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ता है। संगठन की मांग है कि उद्यमियों को ऋण उपलब्ध कराते समय केवल उनकी निजी संपत्ति को ही आधार नहीं बनाया जाना चाहिए।
संगठन का कहना है कि कारोबार की क्षमता, बिजनेस मॉडल और उद्यम की संभावनाओं को भी ऋण प्रक्रिया में महत्व दिया जाना चाहिए, ताकि नए उद्यमियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
कारोबार के साथ उच्च शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट पर खर्च की मांग
ज्ञापन में केवल औद्योगिक विकास पर ही नहीं, बल्कि उच्च शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट पर भी सरकारी बजट बढ़ाने की मांग की गई है।
SECCI का कहना है कि समाज के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और आधुनिक कौशल से जोड़ना जरूरी है। इसके लिए सरकार को अलग से प्रभावी योजनाएं और बजट उपलब्ध कराना चाहिए।
मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष सहायता की मांग
संगठन ने मेधावी SC वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए विशेष आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव भी रखा है। इसमें पाठ्यक्रम, छात्रावास और अन्य शैक्षणिक खर्चों में सहायता शामिल करने की मांग की गई है।
SECCI के अनुसार उच्च शिक्षा के खर्च के कारण कई प्रतिभाशाली विद्यार्थी अपनी पढ़ाई को आगे नहीं बढ़ा पाते। ऐसे विद्यार्थियों को सरकारी सहायता मिलने से उन्हें बेहतर संस्थानों में पढ़ाई और आगे करियर बनाने का अवसर मिल सकता है।
युवाओं और उद्यमियों के सशक्तिकरण पर जोर
SECCI अध्यक्ष शशिकांत लास्कर ने बताया कि ज्ञापन में युवाओं, विद्यार्थियों और उद्यमियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को शामिल किया गया है। संगठन का उद्देश्य आर्थिक रूप से सक्षम उद्यमिता को बढ़ावा देना और युवाओं को रोजगार मांगने वाले के बजाय रोजगार देने वाले के रूप में तैयार करने की दिशा में काम करना है

संगठन ने राज्य में उद्योग और कारोबार के विकास के साथ-साथ शिक्षा एवं कौशल विकास को भी समान प्राथमिकता देने की मांग की है।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक सुशांत शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर इन मांगों को सरकार तक पहुंचाने और आवश्यक नीतिगत कदम उठाने का आग्रह किया। अब इन मांगों पर राज्य सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजर रहेगी।









