बिलासपुर में महिला से दुष्कर्म और सेक्सटॉर्शन का आरोप: रियल एस्टेट कारोबारी पर FIR, अश्लील वीडियो बनाकर 8 महीने तक करता रहा ब्लैकमेल

0

बिलासपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म और सेक्सटॉर्शन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने एक रियल एस्टेट कारोबारी पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने और करीब आठ महीने तक ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, 37 वर्षीय पीड़िता सिलाई सेंटर चलाती है और किराए के मकान में रहती है। उसकी पहचान रियल एस्टेट कारोबारी प्रशांत नारंग उर्फ बंटू नारंग (45) से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि सितंबर 2024 में आरोपी ने एक पुराने मामले में मदद दिलाने का भरोसा देकर उसे होटल बुलाया।

महिला का आरोप है कि होटल में आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। बेहोशी जैसी हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया और अश्लील वीडियो भी बना लिया गया।

पीड़िता के अनुसार, इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा। डर और बदनामी के कारण वह विरोध नहीं कर सकी। आरोप है कि आरोपी अप्रैल 2025 तक अलग-अलग होटलों में बुलाकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने, झूठे मामलों में फंसाने, दुकान खाली कराने और दोबारा जेल भिजवाने की धमकी दी। आरोपी ने कथित रूप से बड़े पुलिस अधिकारियों तक पहुंच होने का दावा भी किया।

डर और कथित रसूख के कारण पीड़िता सीधे थाने नहीं पहुंच सकी। बाद में उसने डाक के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और उच्च अधिकारियों को शिकायत भेजी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब दुष्कर्म, आपराधिक धमकी, डिजिटल साक्ष्यों और कथित सेक्सटॉर्शन के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी फिलहाल मुंबई में होने की जानकारी सामने आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here