जशपुर में पत्नी के चरित्र पर शक, पति ने कुल्हाड़ी से की हत्या; खाट से गिरने की सुनाई झूठी कहानी

0

जशपुर। CG DASTAK 

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने परिजनों को गुमराह करने के लिए पत्नी की खाट से गिरकर मौत होने की झूठी कहानी सुनाई। मृतका की बहन की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

6 नवंबर को हुई थी घटना

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पार्वती बाई (52) की शादी ग्राम खजूरबहार के चौहानपारा निवासी मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम (62) से हुई थी। 6 नवंबर 2026 को शाम करीब 5 बजे पार्वती बाई की बहू ने उनकी छोटी बहन सीता बाई (45), निवासी कुडमुरा नंदिटोली, थाना नारायणपुर को फोन कर उनकी मौत की सूचना दी।

अगले दिन सीता बाई गांव पहुंचीं तो उन्होंने अपनी बड़ी बहन का शव घर के कमरे में देखा। पार्वती बाई के सिर और माथे पर चोट के निशान थे तथा खून निकला हुआ था।

खाट से गिरने की बताई झूठी कहानी

आरोपी पति ने परिजनों को बताया कि पार्वती बाई खाट से गिर गई थीं, जिससे सिर में चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। उसकी बात पर भरोसा कर परिजनों और समाज के लोगों ने 7 नवंबर को शव दफना दिया।

कुछ समय बाद मृतका की बहन को मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उन्हें आशंका थी कि उनकी बहन की हत्या की गई है और इसमें उसके पति का हाथ हो सकता है। इसके बाद 20 नवंबर को उन्होंने कुनकुरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच की मांग की।

कब्र से निकलवाया शव, पोस्टमार्टम में हुआ खुलासा

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत जांच शुरू की। गवाहों के बयान दर्ज करने और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में डॉक्टर ने मौत की प्रकृति हत्यात्मक बताई।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238(क) के तहत मामला दर्ज किया।

चरित्र पर शक के चलते कुल्हाड़ी से किया हमला

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। 6 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच उसने पत्नी को किसी दूसरे व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था।

इसी बात को लेकर गुस्से में आकर उसने घर में रखी कुल्हाड़ी के पासे वाले हिस्से से पत्नी के सिर, माथे और सीने पर दो-तीन बार वार किया। गंभीर चोट लगने से पार्वती बाई की मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पत्नी के खाट से गिरने की झूठी कहानी सुनाई थी।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here