CG News: रील बनाते समय दर्दनाक हादसा, फंदे के साथ वीडियो शूट कर रही नवविवाहिता की मौत

0
64

रायगढ़। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सोशल मीडिया के लिए रील बनाते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। शहर के कोस्टा पारा इलाके में 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती पंखे पर फंदा लगाकर वीडियो रिकॉर्ड कर रही थी, तभी अचानक पैर फिसलने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।

मृतका की पहचान विशाखा देवांगन के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है, जिसमें विशाखा फंदे के साथ वीडियो रिकॉर्ड करती हुई दिखाई दे रही है। पुलिस का मानना है कि वह सोशल मीडिया के लिए रील बना रही थी, लेकिन इसी दौरान यह हादसा हो गया। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है।

पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन में मिले वीडियो, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर मामले की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंट और रील बनाने के बढ़ते चलन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लाइक्स और व्यूज़ की होड़ में अपनी जान जोखिम में डालने वाले स्टंट से बचें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here