
बेमेतरा। CG DASTAK
जिले में दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों पर हमले और केस वापस लेने के लिए दबाव बनाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय और सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मारो चौकी क्षेत्र के ग्राम बेवरा निवासी रोहित कुमार वर्मा अपनी पत्नी के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान रोहित कुमार वर्मा घायल अवस्था में दिखाई दिए। उनके सिर पर पट्टी बंधी हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने उनके घर में घुसकर मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित परिवार का कहना है कि करीब एक वर्ष पूर्व उनकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। इस मामले का आरोपी वर्तमान में जेल में बंद है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोग लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं तथा विरोध करने पर धमकी और मारपीट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिल रहा है। इसी कारण उन्होंने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
वहीं पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे कठोर कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं। मामले में पुलिस अधीक्षक की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।










