दुर्ग में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3.712 किलो गांजा और 30 पाव देशी शराब जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार

0

दुर्ग/भिलाई। CG DASTAK 

दुर्ग/भिलाई। दुर्ग जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3.712 किलोग्राम गांजा और 30 पाव देशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन और नकद राशि भी जब्त की है।

पुलिस की यह कार्रवाई पुरानी भिलाई, नेवई और धमधा थाना क्षेत्रों में मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट और आबकारी कानून के तहत कार्रवाई की गई है।

पुरानी भिलाई में 2.430 किलो गांजा बरामद

पुरानी भिलाई पुलिस को 18 अगस्त को सूचना मिली थी कि हथखोज के बंधवा तालाब के पास दो लोग एक्टिवा से गांजा बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और एक्टिवा क्रमांक CG04NK1566 पर सवार दो युवकों को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान दिनेश उर्फ दिनू पाल (47), निवासी खुर्सीपार उड़िया मोहल्ला और दीनदयाल उपाध्याय नगर, चरोदा निवासी चंदन झा (43) के रूप में की है।

तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 2.430 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक्टिवा, दो मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नकद भी जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक कुल जब्ती की कीमत करीब 1.65 लाख रुपये है।

इस मामले में पुरानी भिलाई थाने में अपराध क्रमांक 438/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 27(ए) में मामला दर्ज किया गया है।

नेवई में बाइक से गांजा बेच रहा था युवक

नेवई पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक काले रंग की स्प्लेंडर बाइक से नेवई डेम के आसपास घूमकर गांजा बेच रहा है। सूचना पर पुलिस ने नाली किनारे और नेवई बस्ती के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

आरोपी की पहचान खरीत हरना उर्फ राहुल (25), निवासी उकल नगर, पद्मनाभपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 1.282 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 63 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस बाइक और 250 रुपये नकद भी जब्त किए। कुल जब्ती की कीमत करीब 73,250 रुपये बताई गई है।

नेवई थाने में अपराध क्रमांक 555/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 27(ए) में मामला दर्ज किया गया है।

धमधा में झोले में छिपाकर बेच रहा था शराब

वहीं, धमधा पुलिस ने ग्राम करेली के पथरी खार क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस और मशीन भवन के पास पहुंची और घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान संजय सिवारे (30), निवासी ग्राम करेली, वार्ड नंबर 9 के रूप में हुई। तलाशी लेने पर सफेद-लाल झोले के अंदर रखी सफेद बोरी से 30 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक शराब की कीमत करीब 2,400 रुपये थी। इसके अलावा बिक्री से प्राप्त 480 रुपये नकद भी जब्त किए गए। इस मामले में कुल जब्ती करीब 2,880 रुपये की हुई।

नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी

पुलिस के अनुसार गांजा बेचने वाले आरोपी दोपहिया वाहनों से अलग-अलग इलाकों में घूमकर ग्राहकों की तलाश करते थे। वहीं धमधा क्षेत्र में आरोपी द्वारा झोले में शराब छिपाकर बिक्री किए जाने की बात सामने आई है।

तीनों थाना क्षेत्रों में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा और तलाशी के बाद गांजा व शराब जब्त की। पुलिस ने जब्त मादक पदार्थ और शराब को सुरक्षित कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

दुर्ग पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here