जांजगीर-चांपा में सरकारी स्कूल के हेडमास्टर पर गंभीर आरोप: बच्चों के सामने अश्लील हरकत, छात्राओं से छेड़छाड़ की कोशिश, पुलिस ने हिरासत में लिया

0

जांजगीर-चांपा। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक स्थित डोंगाकोहरौद शासकीय प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ हेडमास्टर पर बच्चों के सामने अशोभनीय हरकत करने और छात्राओं से छेड़छाड़ की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने आरोपी हेडमास्टर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

 

बताया जा रहा है कि स्कूल समय के दौरान हेडमास्टर भुवनेश्वर कौशिक कथित रूप से कक्षा में बच्चों के सामने अर्धनग्न अवस्था में बैठा था। आरोप है कि बच्चों के सामने उसने अशोभनीय हरकत की और चौथी-पांचवीं कक्षा की छात्राओं को अपने पास बुलाकर अनुचित व्यवहार करने की कोशिश की।

घटना से घबराए बच्चों ने घर पहुंचकर पूरी जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंचे। उनका आरोप है कि मौके पर हेडमास्टर अर्धनग्न अवस्था में मिला। परिजनों ने उसका वीडियो भी बनाया। वीडियो बनता देख उसने जल्दबाजी में कपड़े पहन लिए।

सूचना मिलते ही डायल-112 और पामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक को थाने ले गई। छात्राओं और अभिभावकों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी जांच के निर्देश दिए हैं। शिक्षा विभाग भी पूरे मामले की अलग से जांच कर रहा है।

नोट: यह समाचार पुलिस और शिकायतकर्ताओं के आरोपों पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here