
कुलगाम/ CG DASTAK
रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आतंकियों ने पहले मजदूरों की पहचान पूछी, फिर नाम जानने के बाद दोनों को समूह से अलग कर नजदीक से गोली मार दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
मृतकों की पहचान दीपक राठे (24) और भूपेंद्र (28) के रूप में हुई है। दोनों छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सक्ती जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों सेब के बागानों में मजदूरी के लिए जम्मू-कश्मीर गए थे।
पहलगाम जैसी वारदात का अंदेशा
पुलिस के अनुसार, हमला कुलगाम से करीब 20 किलोमीटर दूर केलाम इलाके में हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आतंकियों ने पहले प्रवासी मजदूरों के नाम पूछे और फिर दोनों हिंदू मजदूरों को अलग कर उन पर 3 से 4 राउंड फायरिंग की। जांच एजेंसियां इसे सुनियोजित टारगेट किलिंग मान रही हैं।
सुरक्षा बलों का बड़ा सर्च ऑपरेशन
घटना के तुरंत बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। वाहनों की सघन जांच की जा रही है और आतंकियों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में एक स्थानीय और एक विदेशी आतंकी की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।
सीएम विष्णुदेव साय ने जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कुलगाम में छत्तीसगढ़ के श्रमिकों की हत्या अत्यंत दुखद है। उन्होंने अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार जम्मू-कश्मीर प्रशासन के लगातार संपर्क में है।

मुख्य बातें
आतंकियों ने नाम पूछकर दो मजदूरों को बनाया निशाना।
दोनों मृतक छत्तीसगढ़ के निवासी थे।
सेना और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।











