जशपुर में महिला हत्याकांड का खुलासा: बेटे के अफेयर और जमीन विवाद में मां की हत्या, शव दफनाकर सबूत मिटाने की कोशिश

0

58 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में बेटा समेत तीन गिरफ्तार, कई दिनों तक घर में छिपाया शव, बदबू आने पर रेत में दफनाया।

जशपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में 58 वर्षीय महिला हरावती बाई की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने महिला के बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि बेटे का पड़ोस में रहने वाली महिला से कथित प्रेम संबंध था और दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा था। इन्हीं कारणों से महिला की हत्या कर शव को छिपाने की साजिश रची गई।

पुलिस के अनुसार, हरावती बाई अपने बेटे भूपण राम के साथ बंदरचुआ रौतियाबस्ती में रहती थीं। पड़ोस में रहने वाली श्यामपति बाई के साथ उनका जमीन को लेकर विवाद था। वहीं, भूपण राम और श्यामपति बाई के बीच पिछले करीब पांच वर्षों से कथित प्रेम संबंध होने की बात भी जांच में सामने आई है।

जांच के मुताबिक, 24 जुलाई की रात जमीन विवाद के दौरान श्यामपति बाई और उसकी मां बुधमती बाई ने मिलकर हरावती बाई की गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में घटना की जानकारी भूपण राम को दी गई। पुलिस का आरोप है कि उसने भी मामले को छिपाने में सहयोग किया।

आरोपियों ने पहले शव को कई दिनों तक घर में छिपाकर रखा। जब शव से बदबू आने लगी और राज खुलने का डर सताने लगा, तब रात के अंधेरे में शव को घर से निकालकर पास में बन रहे आंगनबाड़ी भवन के समीप गड्ढा खोदकर रेत में दफना दिया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

30 जुलाई को घर से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस, एफएसएल टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर जांच की। तलाशी के दौरान आंगनबाड़ी भवन के पास रेत में दफन महिला का शव बरामद किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को भूपण राम की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने घटनास्थल से शव दफनाने में इस्तेमाल फावड़ा समेत अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं।

एफएसएल रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य, गवाहों के बयान और आरोपियों के कथित स्वीकारोक्ति के आधार पर पुलिस ने भूपण राम, श्यामपति बाई और बुधमती बाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here