जगदलपुर में 1.75 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का पर्दाफाश, महिला गैंग निकली मास्टरमाइंड; 2 नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार

0

जगदलपुर। CG DASTAK 

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में पैलेस रोड स्थित मोती ज्वेलर्स में हुई करीब 1 करोड़ 75 लाख रुपये के सोने के जेवरात की उठाईगिरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात के पीछे महिला गैंग का हाथ सामने आया है। गैंग में आधा दर्जन से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस ने मामले में दो नाबालिगों समेत चार लोगों को पकड़ा है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने दीपावली के दौरान दुकान में ग्राहकों की भीड़ का फायदा उठाकर करीब 1200 ग्राम सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा पार कर दिया था। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

महिला ने उठाया जेवरों का डिब्बा, बच्ची को थमाया

घटना 7 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे की है। दीपावली की खरीदारी के चलते मोती ज्वेलर्स में ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई थी। इसी दौरान एक महिला दुकान में पहुंची और मौका देखकर आसपास नजर दौड़ाने लगी।

इसके बाद महिला ने सोने के झुमकों से भरा डिब्बा उठाया और अपने साथ आई बच्ची को थमा दिया। बच्ची ने डिब्बे को अपने झोले में रख लिया। कुछ ही देर बाद दोनों दुकान से बाहर निकल गईं।

CCTV फुटेज से खुला महिला गैंग का राज

कुछ समय बाद जब दुकान संचालकों को सोने का डिब्बा गायब मिला तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब डिब्बे का पता नहीं चला तो दुकान के CCTV फुटेज खंगाले गए।

फुटेज में महिला की पूरी गतिविधि सामने आ गई। इसके बाद दुकान संचालक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने FIR दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू की।

स्कॉर्पियो को ट्रैक कर आरोपियों के गांव पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज में दिखाई दिए संदिग्धों और उनके साथ इस्तेमाल किए गए स्कॉर्पियो वाहन की पहचान की। इसके बाद वाहन को ट्रैक करते हुए पुलिस रायकोट पथरेली उड़वा गांव तक पहुंची।

ग्रामीणों से पूछताछ में संदिग्धों की पहचान की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने चार संदेहियों को पकड़ा। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। CCTV फुटेज में दिखाई देने वाली बच्ची भी पुलिस के हाथ लगी है।

रायकोट के जंगल में छिपा आरोपी पकड़ा गया

एएसपी सुखनंदन सिंह राठौर के मुताबिक, पुलिस ने रायकोट के जंगल में छिपे आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में एक ऑटो भी जब्त किया गया है। दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, इस वारदात में करीब 1200 ग्राम सोने के आभूषण चोरी हुए थे, जिनकी कीमत लगभग 1 करोड़ 75 लाख रुपये बताई गई है। गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here