छत्तीसगढ़ में जल्द लागू होगी नई खेल नीति, उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिलेगा सरकारी नौकरी का लाभ

0

रायपुर। CG DASTAK 

स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में नई खेल नीति का ड्राफ्ट तैयार, खेल अधोसंरचना और प्रशिक्षण पर 100 करोड़ रुपये खर्च करेगी सरकार; ट्राइबल गेम्स के पदक विजेताओं का भी सम्मान।

खबर:

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेलों को नई दिशा देने की तैयारी तेज हो गई है। राज्य सरकार जल्द ही नई खेल नीति लागू करने जा रही है, जिसका ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है। रायपुर में आयोजित पहले स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासकों, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, कोच और विशेषज्ञों ने प्रतिभा खोज, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और आधुनिक खेल अधोसंरचना को लेकर सुझाव दिए।

खेल संचालक तनुजा सलाम ने बताया कि कॉन्क्लेव से मिले सुझावों को नई खेल नीति और राज्य की कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा। वहीं उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि विशेषज्ञों के सुझावों को केवल दस्तावेजों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।

समापन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार ने उत्कृष्ट खेल मिशन के लिए इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इस राशि से खेल अधोसंरचना का विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाओं पर काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दे दी है, जिन्हें सरकारी नौकरियों में नियमानुसार लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक में करीब 4 लाख और सरगुजा ओलंपिक में करीब 3.5 लाख खिलाड़ियों की भागीदारी प्रदेश में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि का प्रमाण है।

ट्राइबल गेम्स के विजेताओं का सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 के 19 पदक विजेताओं को सम्मानित करते हुए प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की।

स्वर्ण पदक विजेताओं को ₹2 लाख

रजत पदक विजेताओं को ₹1.50 लाख

कांस्य पदक विजेताओं को ₹1 लाख

इसके अलावा महिला फुटबॉल टीम को ₹22 लाख, पुरुष फुटबॉल टीम को ₹16.50 लाख और पुरुष हॉकी टीम को ₹9 लाख की प्रोत्साहन राशि दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here