गरियाबंद में किरायेदारों का सघन सत्यापन अभियान, 6 पुलिस टीमों ने 105 घरों की जांच की

0
53

गरियाबंद। CG DASTAK

जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस ने किरायेदार सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में 6 पुलिस टीमों ने एक साथ सघन जांच अभियान चलाते हुए 105 घरों का भौतिक सत्यापन किया।

पुलिस के अनुसार जिला मुख्यालय होने के कारण गरियाबंद में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा बड़ी संख्या में बाहरी लोग रोजगार और व्यवसाय के सिलसिले में किराये के मकानों में निवास करते हैं। ऐसे में उनकी पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है।

विशेष अभियान के तहत 14 जून 2026 को ग्राम दर्रापारा (केशोडार) क्षेत्र में घर-घर जाकर किरायेदारों और मकान मालिकों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस टीमों ने किरायेदारों का भौतिक सत्यापन करने के साथ ही मकान मालिकों से निर्धारित प्रारूप में जानकारी भी प्राप्त की।

पुलिस द्वारा सत्यापन के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। साथ ही उनके मूल निवास क्षेत्र के संबंधित थानों से आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी मंगाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि आदतन अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

अभियान के दौरान मकान मालिकों को पुलिस मुख्यालय द्वारा विकसित “समाधान ऐप” की भी जानकारी दी गई। पुलिस ने उन्हें ऐप के माध्यम से किरायेदारों का ऑनलाइन सत्यापन कराने के लिए प्रेरित किया और इसके महत्व के बारे में बताया।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि जिले में इस प्रकार की सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे किरायेदारों का सत्यापन कराकर पुलिस का सहयोग करें, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here