आरंग में नहीं खुलेगी नई प्रीमियम शराब दुकान, PIC ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव किया खारिज

0
28

आरंग CG DASTAK 

जनभावनाओं का सम्मान करते हुए लिया फैसला, कहा- शहर को विकास चाहिए, विनाश नहीं

आरंग। नगर पालिका परिषद आरंग की प्रेसिडेंट इन काउंसिल (PIC) की बैठक में प्रस्तावित प्रीमियम शराब दुकान को लेकर बड़ा फैसला लिया गया। बैठक में मौजूद सभी पीआईसी सदस्यों ने एकमत होकर नई प्रीमियम शराब दुकान खोलने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया।

बैठक में सदस्यों ने कहा कि आरंग एक शांत, सांस्कृतिक और सामाजिक रूप से संवेदनशील नगर है। ऐसे में नई शराब दुकान खुलने से शहर का माहौल प्रभावित हो सकता है और इसका सबसे अधिक असर युवाओं पर पड़ेगा।

नगर पालिका उपाध्यक्ष हिरामन कोसले सहित सभी पीआईसी सदस्यों ने प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा कि शहर में पहले से शराब दुकानें मौजूद हैं, इसलिए नई प्रीमियम शराब दुकान की कोई आवश्यकता नहीं है। उनका मानना है कि इससे नशे की प्रवृत्ति बढ़ सकती है और सामाजिक वातावरण भी बिगड़ सकता है।

विकास चाहिए, विनाश नहीं”

पीआईसी सदस्यों ने स्पष्ट कहा कि नई शराब दुकान खुलने से युवाओं के भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। साथ ही अपराध और सामाजिक समस्याओं में भी वृद्धि हो सकती है। नगर पालिका का उद्देश्य शहर के विकास, बेहतर सड़क, स्वच्छता, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है, न कि ऐसी व्यवस्थाओं को बढ़ावा देना जिससे समाज पर बुरा असर पड़े।

बैठक में यह भी कहा गया कि जनता के चुने हुए प्रतिनिधि होने के नाते वे लोगों की भावनाओं के खिलाफ कोई निर्णय नहीं लेंगे। आरंग की जनता नई शराब दुकान नहीं चाहती, इसलिए प्रस्ताव को सर्वसम्मति से निरस्त कर दिया गया।

लोगों ने फैसले का किया स्वागत

पीआईसी के इस निर्णय के बाद शहर में इसकी चर्चा तेज हो गई है। कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों ने राजनीति से ऊपर उठकर शहर और युवाओं के हित में निर्णय लिया है।

स्थानीय नागरिकों का मानना है कि इस फैसले से यह स्पष्ट संदेश गया है कि आरंग नगर पालिका विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देगी तथा ऐसे प्रस्तावों का समर्थन नहीं करेगी, जिनसे सामाजिक माहौल प्रभावित हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here