
रायपुर। Cg dustak
राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर का फर्जी इस्तेमाल कर सरकारी दस्तावेज तैयार करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक च्वॉइस सेंटर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लैपटॉप, कलर प्रिंटर और लैमिनेशन मशीन जब्त की गई है।
पार्षद की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार, शहीद चूड़ामणि नायक वार्ड क्रमांक-37 के पार्षद दीपक जायसवाल ने आजाद चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके नाम के लेटरहेड और हस्ताक्षर का फर्जी तरीके से उपयोग कर मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर में जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड सहित नगर निगम से जुड़े विभिन्न दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(3), 340(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
च्वॉइस सेंटर में पुलिस की दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आजाद चौक थाना पुलिस ने जांच तेज की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस टीम ने मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर में छापेमारी की।
वहां मौजूद संचालक विपीन केशरी से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर का फर्जी उपयोग कर विभिन्न सरकारी दस्तावेज तैयार करने की बात स्वीकार कर ली।
लैपटॉप, प्रिंटर और लैमिनेशन मशीन जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी दस्तावेज तैयार करने में इस्तेमाल किया गया एक लैपटॉप, एक कलर प्रिंटर और एक लैमिनेशन मशीन जब्त कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितने फर्जी दस्तावेज तैयार किए और इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।










