Gariaband News: घर के बाहर खेल रहे भाई-बहन की पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से मौत, गांव में मातम

0
25

गरियाबंद। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक दर्दनाक हादसे में घर के बाहर खेल रहे मासूम भाई-बहन की पानी से भरे गहरे घुरवा गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। लगातार बारिश के कारण गड्ढे में 10 से 12 फीट तक पानी भर गया था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खेलते-खेलते पहुंचे गहरे गड्ढे के पास

जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत कोपरा के तर्रा रोड निवासी बिसेलाल साहू के पोते योगेश साहू और पोती सुमन साहू बारिश रुकने के बाद घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों घर के पास स्थित घुरवा गड्ढे के किनारे पहुंच गए। आशंका है कि खेलते समय उनका पैर फिसल गया और दोनों गहरे पानी में गिर गए।

काफी देर तक घर नहीं लौटे तो शुरू हुई तलाश

जब दोनों बच्चे काफी देर तक घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों की मदद से खोजबीन के दौरान दोनों बच्चे घुरवा गड्ढे में मिले। उन्हें तत्काल बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण डूबना माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।

ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा व्यवस्था की मांग

इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों ने खुले और गहरे घुरवा गड्ढों की घेराबंदी, चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय किए गए होते तो यह हादसा टल सकता था। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की भी मांग की है।

मासूम भाई-बहन की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here