
जगदलपुर। CG DASTAK
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के नगरनार स्थित NMDC स्टील प्लांट में एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा सामने आया है। प्लांट में काम करने के दौरान एक ऑपरेटर गर्म पिघले लोहे (हॉट मेटल) की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान वहां मौजूद साथी कर्मचारी उसे बचा नहीं सके। मृतक की पहचान मंगल साय (31 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बस्तर के देवड़ा गांव का निवासी था।

काम के दौरान गर्म पिघले लोहे की चपेट में आया ऑपरेटर
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर प्लांट में लोहे को गलाने का काम चल रहा था। इसी दौरान ऑपरेटर मंगल साय गर्म पिघले लोहे की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि लोहे का तापमान बेहद अधिक था, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। कुछ ही समय में उसकी मौत हो गई।

घटना के समय प्लांट में अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे, लेकिन वे उसे बचाने में सफल नहीं हो सके
मेटल ठंडा होने के बाद निकाला गया शव
हादसे के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बताया गया कि गर्म मेटल के ठंडा होने के बाद मृतक के शव को बाहर निकाला गया।

हादसे की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें घटनास्थल की भयावह स्थिति दिखाई दे रही है।
आखिर कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?
हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और ऑपरेटर गर्म पिघले लोहे की चपेट में कैसे आया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
इस मामले में NMDC प्रबंधन की ओर से भी अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

नगरनार थाना प्रभारी विकास तिवारी के मुताबिक, प्लांट में हुए हादसे की जांच की जा रही है। जांच के बाद घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आएंगी।
प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस दर्दनाक घटना के बाद औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आखिर काम के दौरान ऐसी कौन सी परिस्थिति बनी, जिसमें एक कर्मचारी की जान चली गई? क्या प्लांट में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जा रहा था? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।









