
नई दिल्ली। CG DASTAK
जुलाई महीने के पहले दिन आम लोगों और कारोबारियों क लिए राहत भरी खबर आई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 180 रुपये की कटौती कर दी है। हालांकि, 14.2 किलोग्राम घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कमर्शियल सिलेंडर हुआ ₹180 सस्ता
नई दरों के अनुसार, होटल, रेस्टोरेंट और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाले 19 किलो के कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 180 रुपये की कमी की गई है। नई कीमतें 1 जुलाई से लागू हो गई हैं।
घरेलू सिलेंडर के दाम यथावत
घरों में उपयोग होने वाले 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर की कीमत 942 रुपये पर स्थिर बनी हुई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में नरमी का असर
हाल के महीनों में ईरान और खाड़ी क्षेत्र में तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में तेजी आई थी। इसका असर भारत में भी कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों पर पड़ा था।
बताया जा रहा है कि पिछले छह महीनों में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में कई बार बढ़ोतरी हुई थी। अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में नरमी आने के बाद ऑयल कंपनियों ने कीमतों में राहत दी है।
डीजल भरवाने की सीमा भी खत्म
इसके साथ ही ऑयल कंपनियों ने पेट्रोल पंपों पर एक वाहन में प्रतिदिन अधिकतम 200 लीटर डीजल भरवाने की सीमा भी समाप्त कर दी है। अब वाहन चालक आवश्यकता के अनुसार डीजल भरवा सकेंगे।








