
तखतपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुआँ में महिला सरपंच और उनके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बाड़ी की घेराबंदी को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर झड़प हो गई। सरपंच की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घेराबंदी के विवाद ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कुआँ की सरपंच शिवकुमारी वस्त्रकार ने आरोप लगाया है कि बाड़ी की घेराबंदी को लेकर गांव के प्रदीप कैवर्त और उसके परिजनों के साथ विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कथित रूप से सरपंच, उनके पति और बेटी के साथ मारपीट की।
घटना के बाद सरपंच अपने परिवार के साथ तखतपुर थाने पहुंचीं और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
तखतपुर थाना के एसआई डी.आर. मनहर ने बताया कि सरपंच की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि घटना में दूसरे पक्ष के लोगों को भी चोटें आने की जानकारी मिली है। यदि उनकी ओर से भी शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो नियमानुसार काउंटर एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले की जांच पूरी होने के बाद तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








