
कोरबा। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला मुख्यालय स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) कार्यालय में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। कलेक्ट्रेट के पास स्थित कार्यालय में रात की ड्यूटी पर तैनात 25 वर्षीय सुरक्षाकर्मी विनोद सोनवानी का शव कार्यालय के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पिता के पहुंचने पर हुआ घटना का खुलासा
जानकारी के अनुसार, रातभर बेटे का फोन नहीं उठने पर उसके पिता चिंतित हो गए। सोमवार सुबह करीब 5 बजे वे स्वयं एलआईसी कार्यालय पहुंचे। वहां अंदर जाकर देखा तो बेटे का शव फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
हर पहलू की होगी जांच
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।










