
कोरबा। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र स्थित छुरी के राज ज्वेलर्स में 1 जुलाई को हुई सनसनीखेज लूट की कोशिश का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि तीसरा आरोपी अब भी फरार है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने फिल्म ‘आंखें’ से प्रेरित होकर लूट की पूरी साजिश रची थी।
जेल में हुई दोस्ती, वहीं बना लूट का प्लान
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों की मुलाकात पहले जेल में हुई थी। जेल से रिहा होने के बाद उन्होंने फिल्म ‘आंखें’ की तर्ज पर ज्वेलरी शॉप में लूट की योजना बनाई। वारदात को अंजाम देने के लिए चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे का इंतजाम किया गया।
ग्राहक बनकर पहुंचे, एक आरोपी महिला के भेष में
घटना वाले दिन दोपहर करीब 1 बजे दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल दुकान में अकेले थे। तभी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार तीन लोग ग्राहक बनकर पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जबकि एक आरोपी महिला के भेष में था।
चांदी की अंगूठी दिखाने के बहाने आरोपियों ने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया। इसके बाद दुकान का दरवाजा बंद कर दिया गया। एक आरोपी ने देशी कट्टा तान दिया, जबकि दूसरे ने दुकानदार की आंखों में मिर्च पाउडर डालने की कोशिश की।
भीड़ जुटी तो छोड़कर भागे कट्टा और बाइक
वारदात के दौरान दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी। खुद को घिरता देख आरोपी देशी कट्टा और चोरी की मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले
मामले की जांच में पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर के जंगलों से लगे इलाकों में दबिश दी गई।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी:
गोपाल सिंह गोंड (38), निवासी घुचापुर, थाना पसान
परदेशी राठिया (40), निवासी जिलगा-बरपाली, थाना श्यांग
फरार आरोपी:
विष्णु प्रसाद राठिया, निवासी कोलगा, थाना करतला
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर, सीएसपी विमल पाठक, कटघोरा थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने किया। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी है।










