
कवर्धा। CG DASTAK
कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम बिरनपुर में दर्दनाक हादसे में खेत में करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, किसान परमेश्वर पटेल (22) ने फसल को मवेशियों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर बिजली का करंट प्रवाहित तार लगाया था। बुधवार को खेत में काम करते समय वह उसी तार की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
कुछ देर बाद पिता गोकरण पटेल (55) खेत पहुंचे। बेटे को जमीन पर अचेत पड़ा देखकर उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए और उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास के किसानों ने घटना की सूचना पुलिस और ग्राम कोटवार को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिजली आपूर्ति बंद कराकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र किराए के खेत में खेती करते थे। एक साथ दोनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि बिरनपुर गांव में एक वर्ष के भीतर खेत में करंट लगने से मौत का यह दूसरा मामला है। पुलिस ने किसानों से खेतों की सुरक्षा के लिए बिजली के करंट का उपयोग नहीं करने और सुरक्षित उपाय अपनाने की अपील की है।









