Kabirdham News: भीमभौरी में अवैध आम कटाई का भंडाफोड़, फर्जी वन मुहर लगाकर इंदौर भेजी जा रही थी लकड़ी

0
11

रायपुर/ CG DASTAK 

कबीरधाम। कबीरधाम जिले के रेंगाखार तहसील अंतर्गत ग्राम भीमभौरी में आम के पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी की तस्करी के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व, वन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने लकड़ी से भरा एक ट्रक और एक क्रेन जब्त कर पुलिस की सुपुर्दगी में सौंप दिया है।

12 आम के पेड़ अवैध रूप से काटे गए

जानकारी के अनुसार, नायब तहसीलदार प्रेमनारायण साहू को ग्राम भीमभौरी में अवैध वृक्ष कटाई की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच करने पर खसरा क्रमांक 108 में 12 आम के पेड़ अवैध रूप से कटे हुए पाए गए। कटी हुई लकड़ी को परिवहन के लिए तैयार किया जा रहा था।

फर्जी वन विभाग की मुहर का इस्तेमाल

निरीक्षण के दौरान लकड़ी पर वन विभाग की मुहर लगी मिली। संदेह होने पर वन विभाग को बुलाया गया। डिप्टी रेंजर भूपेंद्र कुमार की जांच में यह मुहर फर्जी पाई गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अवैध लकड़ी को वैध दिखाने के लिए नकली वन विभाग की सील का इस्तेमाल किया गया था।

इंदौर भेजने की थी तैयारी

प्रशासनिक जांच में पता चला कि कटे हुए आम के लट्ठों को मध्य प्रदेश के इंदौर भेजने की तैयारी थी। समय रहते कार्रवाई होने से अवैध परिवहन रोक दिया गया।

जांच जारी, दोषियों पर होगी कार्रवाई

वन विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर जब्ती की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने बताया कि अवैध वृक्ष कटाई, फर्जी सील के उपयोग और लकड़ी तस्करी में शामिल सभी लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और अवैध वृक्ष कटाई पर रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here