CG News: 20 लाख की फिरौती के लिए किराना व्यापारी का अपहरण, 3 दिन में पुलिस ने किया रेस्क्यू; अंतरराज्यीय गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार

0
12

News:गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। CG DASTAK 

जिले के मरवाही थाना क्षेत्र में हुए किराना व्यवसायी के अपहरण और 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज तीन दिनों में खुलासा कर दिया है। पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में अपहृत व्यवसायी गिरीश यादव को सकुशल बरामद कर लिया गया है, जबकि अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

दिनदहाड़े घर के सामने से किया था अपहरण

जानकारी के अनुसार, 20 जून 2026 की सुबह करीब 11 बजे ग्राम उषाढ़ निवासी किराना व्यवसायी गिरीश यादव अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक बलेनो कार में पहुंचे दो हथियारबंद बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर उन्हें जबरन कार में बैठाया और अपहरण कर फरार हो गए। परिजनों ने विरोध किया, लेकिन आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर मौके से भाग निकले।

20 लाख की फिरौती मांगकर दी जान से मारने की धमकी

अपहरण के बाद आरोपियों ने पीड़ित के घर में छूटे मोबाइल पर कॉल कर गिरीश यादव की रिहाई के बदले 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। परिजनों की शिकायत पर मरवाही थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

तकनीकी जांच से अंतरराज्यीय गिरोह तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग और जीपीएम एसपी मनोज खिलारी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल और पुलिस ने सीडीआर, टावर लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच करते हुए गिरोह तक पहुंच बनाई।

महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश से 3 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने अलग-अलग राज्यों में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में पुंडलिक केंद्रे (लातूर, महाराष्ट्र), चंद्रशेखर (जोधपुर, राजस्थान) और शेषपाल सिंह (फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह योजनाबद्ध तरीके से अपहरण और फिरौती की वारदातों को अंजाम देता था।

फर्जी पुलिस वाहन, पिस्तौल और कारतूस बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस, छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो-एन जब्त की है। स्कॉर्पियो पर नीली बत्ती और “पुलिस” लिखा फर्जी बोर्ड लगा हुआ था, जिसका इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने में किया जाता था।

पुलिस ने अपहृत व्यवसायी गिरीश यादव को सकुशल मुक्त करा लिया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य वारदातों से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here