
रायपुर। राज्य जीएसटी विभाग ने रायपुर जिले के आरंग और अभनपुर क्षेत्र में संचालित विभिन्न उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा किया है। विभाग की टीम ने पिछले एक सप्ताह से बिस्किट, बेकरी, बारदाना, पोल्ट्री, पेवर ब्लॉक और पेयजल कारोबार से जुड़े कई प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी कर जांच की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कई कारोबारी बड़े पैमाने पर उत्पादन और कारोबार करने के बावजूद या तो जीएसटी रिटर्न दाखिल नहीं कर रहे थे या फिर वास्तविक कारोबार की तुलना में बहुत कम कारोबार दिखा रहे थे। स्टेट जीएसटी अधिकारियों के अनुसार अभनपुर के कोलर स्थित एक बिस्किट फैक्ट्री, सेजबहार क्षेत्र के किराना और बेकरी कारोबारियों तथा कुछ पोल्ट्री संचालकों के यहां अब तक लगभग एक करोड़ रुपये की कर चोरी सामने आई है। जांच अभी जारी है, इसलिए अंतिम आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं।
गोपनीय निगरानी के बाद हुई कार्रवाई
अधिकारियों ने बताया कि कई फैक्ट्रियां ऊंची दीवारों और बंद परिसरों के भीतर संचालित की जा रही थीं। बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक थी और कर्मचारियों को भी गतिविधियों की जानकारी सार्वजनिक नहीं करने के निर्देश दिए गए थे। कई मामलों में बिना वैध इनवॉइस के माल की ढुलाई भी की जा रही थी।
जीएसटी विभाग ने कार्रवाई से पहले कई दिनों तक संबंधित क्षेत्रों की गोपनीय निगरानी की। फैक्ट्रियों से निकलने वाले वाहनों की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई गई तथा माल की आवाजाही पर नजर रखी गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद विभिन्न प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
नए नियमों के तहत होगी कड़ी कार्रवाई
स्टेट जीएसटी विभाग ने कहा है कि नए जीएसटी प्रावधानों के तहत कर चोरी और फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और अधिक सख्त होगी। बार-बार टैक्स चोरी या फर्जीवाड़े में पकड़े जाने वाले कारोबारियों पर गैर-जमानती धाराएं भी लागू की जा सकती हैं।
स्टेट जीएसटी आयुक्त पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि शहर के बाहरी क्षेत्रों में संचालित बड़े कारोबारों की विशेष जांच जारी है। शुरुआती जांच में ही लाखों रुपये की कर चोरी सामने आई है और आने वाले दिनों में इससे भी बड़े खुलासे होने की संभावना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।










