CG News: शादी का झांसा देकर शिक्षिका से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर किया इंकार; आत्महत्या मामले में शिक्षक गिरफ्तार

0
26

News:बलौदाबाजार। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में शिक्षिका काजल ठाकुर की आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी शिक्षक ने शादी का झांसा देकर शिक्षिका से शारीरिक संबंध बनाए और गर्भवती होने पर शादी से इंकार कर दिया। लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर शिक्षिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपी शिक्षक अभिषेक जायसवाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

सुसाइड नोट और दीवार पर लिखे संदेश बने अहम सबूत

शिकायत के अनुसार, मृतिका के कमरे की गहन तलाशी के दौरान सुसाइड नोट, दीवार पर चिपकाए गए संदेश और मोबाइल फोन से महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। दीवार पर अंग्रेजी में लिखा मिला कि “अभिषेक जायसवाल ने मुझे मार डाला”। सुसाइड नोट में भी मृतिका ने आरोपी की प्रताड़ना और धोखे को आत्महत्या का कारण बताया था।

शादी का झांसा देकर 5 महीने तक किया दुष्कर्म

शिकायत के अनुसार, काजल ठाकुर बलौदाबाजार में किराए के मकान में रहकर एक शासकीय स्कूल में व्यावसायिक शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। उसी मकान के पास आरोपी अभिषेक जायसवाल भी रहता था। आरोपी ने प्रेम संबंध बनाकर शादी का वादा किया और पिछले पांच महीनों तक शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान शिक्षिका गर्भवती हो गई। जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया और कथित रूप से गाली-गलौज, मारपीट तथा मानसिक प्रताड़ना करने लगा।

साइबर सेल ने जुटाए तकनीकी साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर सेल की मदद से दोनों के मोबाइल फोन की जांच की। चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी द्वारा कथित प्रताड़ना और मृतिका के गर्भवती होने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी अभिषेक कुमार जायसवाल (30वर्ष), निवासी ग्राम निमधा, थाना मरवाही, जिला जीपीएम (वर्तमान पता सिविल लाइन, बलौदाबाजार) को गिरफ्तार कर लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here